
रमजान के महीने में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी दिन भर रोजा रख सड़क पर नमाज अदा कर रहे हैं और अपनी ड्यूटी भी निभा रहे हैं।
हजरतगंज स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम के पास चिलचिलाती धूप में जब इरफान खान नमाज पढ़ने चले तो साथी पुलिस कर्मी शिव कुमार इरफान को धूप से बचाने के लिए अपना अंगोछा खोल कर खड़े हो गए, ताकि इरफान नमाज अच्छे से पढ़ लें। इस गंगा-जमुनी तहजीब की तारीफ आसपास खड़े लोगों ने भी की। यह शिव कुमार और इरफान का रोज का रूटीन है। इफ्तारी भी दोनों साथ में ही करते हैं।
तमाम मुस्लिम पुलिसकर्मी अपने साथ एक छोटी सी जानमाज रखते हैं, जिसे नमाज के वक्त निकाल कर ये नमाज अदा करते हैं। कड़ी धूप में भूखे प्यासे रह कर 15 घंटे रोजा रहना आसान नहीं है, लेकिन मन मे श्रृद्धा हो तो हर काम मुमकिन हो जाता है। टेढ़ी पुलिया पर तैनात अब्दुल वफा भी ड्यूटी के दौरान नमाज पढ़ते नजर आए।


बता दें कि लॉकडाउन में डॉक्टर, पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी और सफाईकर्मियों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ रही है। वो लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं और इस दौरान भी वो धार्मिक कार्यों को पूरा कर रहे हैं।

0 Comments