
राजस्थान के टोंक जिले की निवाई तहसील में एक स्कूल प्राचार्य के तुगलकी फरमान को लेकर, टीचर के साथ ही, ग्रामीण भी परेशान है. लॉकडाउन (Lockdown) के दौरान स्कूल बंद होने के आदेश के बावजूद सभी टीचर्स को बुलाया जा रहा है.
एक जगह 10 से 12 टीचर्स के इकट्ठे होने से लॉकडाउन का उल्लंघन तो हो ही रहा है, साथ ही, ग्रामीणों को भी एक साथ इतनी बड़ी संख्या में टीचर्स के इकट्ठे होने से ऐतराज है. दरअसल, कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के फैलाव के चलते प्रदेश भर में 17 मई तक सभी स्कूल बंद करने के आदेश हैं. लेकिन निवाई के खणदेवत सरकारी स्कूल खुला हुआ है.
स्कूल प्राचार्य सुमन बैरवा खुद तो स्कूल नहीं आ रही. लेकिन सभी टीचर्स को समय पर पहुंचकर स्कूल खोलने के आदेश दे रखा है. इसके साथ ही जिन टीचर्स की ड्यूटी क्वारेंटाइन सेंटर सर्वे में लगी है, वह भी स्कूल में इकट्ठे हो जाते हैं. ऐसे में एक साथ 10 से 12 टीचर एक समय में मौजूद रहते हैं.
इधर, ग्रामीणों का भी कहना है कि, टीचर उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग (Social Distancing) बनाकर रहने को कहते हैं, जबकि खुद ही बड़ी संख्या में एक जगह मौजूद रहते हैं. दूसरी तरफ, प्राचार्य के तुगलकी फरमान के खिलाफ टीचर और ग्रामीणों ने जिला अधिकारी को ज्ञापन दिया है. जानकारी के अनुसार, जिला अधिकारी की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है.
वहीं, राजस्थान में लगातार कोरोना पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं. राज्य में 12 मई के सुबह 9 बजे तक कोरोना पॉजिटिव मरीजों के 47 नए मामले आए हैं. इसके बाद राजस्थान में कोरोना पॉजिटिव का कुल आंकड़ा 4035 हो गया है. वहीं, इनमें से 2362 मरीज ठीक हो चुके हैं. साथ ही, कोरोना पॉजिटिव 115 मरीजों की मौत भी हो चुकी है.
राजस्थान में सुबह 9 तक कोरोना एक्टिव केस की संख्या 1558 हो गई है.12 मई को सबुह उदयपुर से 32 कोरोना के नए मामले सामने आए, जयपुर से 8, कोटा से 3, अजमेर से 1, चित्तौड़गढ़ से 1, हनुमानगढ़ से 1, सीकर से 1 मामला सामने आया है.
0 Comments