सुशांत सिंह राजपूत ने 3 दिन पहले किया था पिता को आखिरी फोन, जताई थी इस बात पर चिंता

सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार को आत्महत्या कर ली.


मुंबई. टीवी और फिल्मी दुनिया का जाना माना नाम सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) अब हमारे बीच नहीं हैं. रविवार को उन्होंने बिना अपना दर्द बताए दुनिया को अलविदा कह दिया. परिवार से दूर उन्होंने मुंबई में अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या (Sushant Singh Rajput Suicide) कर ली. परिवार इस खबर के बाद से पूरी तरह से टूट चुका है. सबसे ज्यादा दुखी तो उनके पिता हैं. बेटे की मौत की खबर सुनने के बाद से वो बेसुध हैं. पापा सुशांत से बहुत दूर थे, इसलिए उनकी सेहत की चिंता उन्हें हरदम सताती थी. एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने तीन दिन पहले अपने पापा को अंतिम फोन कॉल किया था. इस कॉल में उन्होंने अपने पापा को कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए घर से बाहर न जाने की सलाह दी थी.

सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) के पापा कृष्ण कुमार सिंह पटना में अकेले रहते हैं. उनकी देखरेख के लिए घर में केयरटेकर रहती है, जिनका नाम लक्ष्मी है. आखिरी बार जब उन्होंने पापा की केयरटेकर लक्ष्मी देवी से बात की थी, तो सुशांत ने उनसे कहा था कि प्लीज मेरे पापा को कोरोना वायरस से बचाना.

लक्ष्मी ने बताया कि रविवार को जब सुशांत के पिता लंच करने के लिए बैठे तब मुंबई से उन्हें कॉल आया. कॉल मुंबई पुलिस का था, जिन्होंने जानकारी दी कि सुशांत ने अपने घर में सुसाइड कर लिया है. सुशांत की मौत की खबर सुनकर उन्हें चक्कर आ गए थे, फिर उनके दोस्त और पड़ोसियों ने उन्हें संभाला.

लक्ष्मी ने बताया सुशांत उन्हें 'दीदी' कहकर पुकारते थे. वह रोज ही वह अपने पिता से बात करते थे. करीब दो दिन पहले मेरे से बाबू (सुशांत) ने बात की थी और कहा था, पापा को भी और आप भी कोरोना से बचकर रहिएगा. उन्होंने बताया कि सुशांत ने कुछ ही दिन पहले कहा था कि इस बार वह पटना आएगा तो पिताजी को ले जाएगा और फिर कहीं किसी पहाड़ी पर घूमने ले जाएगा. लेकिन बाबू तो नहीं आया, उसकी जगह यह मनहूस खबर आ गई.

एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के पिता और परिवार के कुछ सदस्य देर रात मुंबई पहुंचे. बताया जा रहा है कि सुशांत पिछले 6 महीने से डिपरेशन में चल रहे थे. पुलिस को उनके घर से मेडिकल फाइल्स मिली हैं. खबरें तो ऐसी भी सामने आई हैं कि सुशांत सिंह राजपूत नवंबर में शादी करने जा रहे थे. एक्टर के कजिन भाई ने इस बात का खुलासा किया था. आज उनका अंतिम संस्कार होगा, कोरोना वायरस की वजह से सुशांत सिंह राजपूत के अंतिम संस्कार में ज्यादा लोग शामिल नहीं होंगे.

सुशांत सिंह राजपूत का बिहार से गहरा लगाव रहा है. उनका जन्म पटना में हुआ था. यहीं पर उनकी प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा भी हुई. इसके अलावा खगड़िया में स्थित ननिहाल से भी उनकी यादें जुड़ी हुई हैं.

Post a Comment

0 Comments