दोनों थे विवाहित, चोरी छुपे चल रहे प्रेम संबंध का भेद खुला तो... 

खन्ना के एक प्रेमी जोड़े ने शुक्रवार को एक साथ जहर निगल कर अपनी जान दे दी। दोनों विवाहित थे और दोनों के तीन-तीन बच्चे (दो लड़कियां और एक लड़का) थे। दोनों ने गांव मोहनपुर के करीब एक स्कूल के पास जाकर जहर निगल लिया। दोनों की मौके पर ही ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान खन्ना के गुरु हरिकृष्ण नगर निवासी 37 वर्षीय रविंदर नाथ सिंह और खन्ना खुर्द की रहने वाली महिला 36 वर्षीय मुक्को के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों के काफी लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहे थे। कुछ समय पहले दोनों के परिवारों के सामने इसका भेद खुला, तो काफी क्लेश हुआ। उस वक्त समझौता तक हो गया, लेकिन दोनों ने अपने संबंध चोरी-छुपे जारी रखे।

शुक्रवार की दोपहर को दोनों मोहनपुर के पास पहुंचे और वहां एक साथ जहर निगल कर जान दे दी। वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। एसएचओ सदर जसपाल सिंह गिल मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए खन्ना सिविल अस्पताल में रखा गया है। पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।

जहर खाकर किया पत्नी को फोन

जानकारी के अनुसार रविंदर ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर जहर खाया और उसके तुरंत बाद अपनी पत्नी को फोन कर इसकी जानकारी दी। इससे परिवार में हंगामा खड़ा हो गया। कुछ देर बाद ही परिवार को रविदर की आत्महत्या की खबर भी मिल गई।

ठेके पर जमीन ले करता था खेती

जानकारी के अनुसार रविदर मृतका मुक्को के गांव खन्ना खुर्द में ठेके पर जमीन लेकर कई सालों से खेती करता था। इसी दौरान उसकी पहचान मुक्को से हुई और दोनों में संबंध बन गए। मुक्को गृहणी ही बताई जाती है। पहले वह रविदर के खेतों में काम करने के लिए भी जाती थी।

Post a Comment

0 Comments