
अपने दोस्तों के साथ सुशांत सिंह राजपूत
पटना. रविवार की दोपहर फिल्म इंडस्ट्री समेत पूरे बिहार के लिए भी एक मनहूस खबर लेकर आई. बिहार के रहने वाले फिल्म स्टार सुशांत सिंह राजपूत (Actor Sushant Singh Rajput) ने मुंबई के एक फ्लैट में खुदकुशी कर ली. असमय ही मौत के गले लगाने वाले इस बॉलीवुड के नामचीन एक्टर का बिहार से खास कनेक्शऩ था. उनकी स्कूलिंग बिहार की राजधानी पटना से हुई थी. सुशांत राजधानी पटना के संत कैरेंस स्कूल के छात्र थे.
ग्रुप फोटो में दिख रहे सुशांत
वर्ष 1996 में दाखिला लेने के बाद सुशांत ने 2000 में 10वीं पास की थी, इसकी पुष्टि स्कूल प्रबंधन ने भी की है. स्कूल ने सुशांत सिंह राजपूत की एक फोटो भी शेयर की है जिसमें वो अपने क्लास टीचर और बैचमेट्स के साथ खड़े हैं. स्कूल प्रबंधन के मुताबिक सुशांत हाई स्कूल के छात्र थे और उनकी मौत की खबर सच में विचलित और हैरान करने वाली है. इसके बाद वो दिल्ली के एक स्कूल में पढ़ने चले गए थे. सुशांत ने फिल्मों की ओर रूख करने से पहले दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से मैकेनिल इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी पूरी की थी. सुशांत की 4 बहनें भी हैं, जिसमें से एक मीतू सिंह राज्य स्तर की क्रिकेट खिलाड़ी हैं.
भाई हैं बीजेपी विधायक
सुशांत सिंह राजपूत के भाई नीरज कुमार बबलू भी बिहार में सत्तारूढ़ बीजेपी दल के विधायक हैं. सुशांत सिंह राजपूत का बिहार से खासा लगाव था. वो व्यस्तता के कारण हमेशा तो बिहार नहीं आते थे लेकिन इसके बाद भी अपने दोस्तों और परिवार वालों से लगातार टच में रहते थे. उनके मौत की खबर जैसे ही परिवार के लोगों को मिली सभी लोग सन्न रह गए. नीरज कुमार बबलू जोकि सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई हैं ने भी इस घटना को यकीन नहीं होने वाला करार दिया. सुशांत सिंह राजपूत के पिता जहां पटना के राजीव नगर इलाके में रहते हैं वही उनका पैतृक घर पूर्णिया में है जबकि उनका ननिहाल खगड़िया जिला में है. सुशांत सिंह राजपूत जब पिछली बार अपने गांव आए थे तो उन्होंने किसी को निराश नहीं किया था अपने फैंस के अलावा चाहने वालों के साथ उन्होंने खूब मस्ती की थी ऐसे में उनके निधन से सारे लोग स्तब्ध हैं.

sushant singh rajput (file Photo)
मुंडन में शामिल होने आए थे बिहार
सुशांत पिछली बार अपने मुंडन संस्कार में शामिल होने गांव और ननिहाल गए थे लेकिन इसके कुछ दिन बाद ही गांव समेत ननिहाल के लोगों को ये मनहूस खबर सुनने को मिली. रविवार को मुंबई के फ्लैट में सुशांत सिंह राजपूत का शव मिला. इसकी सूचना उनके नौकर ने पुलिस को फोन कर दी. इस घटना की जानकारी जैसे ही लोगों को मिली लोग सन्न रह गए. बताया जा रहा है कि सुशांत सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है.
0 Comments