सुशांत सिंह को याद कर रो पड़े अनुपम खेर, बेटे सिंकदर ने पीड़ा से भरे गुस्से में कही ये बड़ी बात



सुशांत सिंह राजपूत नहीं रहे. उन्होंने मुंबई में अपने घर में सुसाइड कर ली. 34 साल के सुशांत ने सुसाइड क्यों की, यह अभी साफ नहीं हो पाया है. पुलिस का कहना है कि वे डिप्रेशन में थे. सुशांत की मौत पर अनुपम खेर और उनके बेटे सिकंदर ने दुख जाहिर किया है. अनुपम ने लिखा कि इस दुख को शब्दों में बयां करना बहुत मुश्किल है. वहीं सिकंदर ने सुशांत की मौत के बाद हो रही गॉसिप और चुगलियों पर तीखी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर पीठ पीछे बातें करने वालों की जमकर क्लास लगाई है. इस दौरान सिकंदर काफी भावुक भी हो गए. बार-बार उनका गला रुंध रहा था.


पीड़ा भरे गुस्से में दिखे सिकंदर


सिकंदर ने वीडियो के कैप्शन में लिखा,


सुशांत और आप सब, यह झकझोर देने वाली खबर है. मैं उसे नहीं जानता. लेकिन यह जानता हूं कि उस पर क्या गुजरी होगी. यह उन सबके लिए है जो इस तरह के दर्द या अकेलेपन से गुजरे हैं. मुझे बहुत दुख है.


वीडियो में वह इमोशनल और गुस्से में भरे हुए नजर आते हैं. उन्होंने कहा,


मैंने अभी सुशांत सिंह राजपूत की खबर सुनी. इस पर विश्वास नहीं होता और यह असहय दुख है. लेकिन मैं लोगों से कहना चाहता हूं कि लोगों की चुगलियां करना बंद करो. लोगों की गॉसिप करना बंद करो. आप लोग क्या कर रहे हैं? कुछ लोगों के पास बात करने के लिए कोई होता नहीं है. इसलिए चुप हो जाओ. कुछ लोग इतने किस्मत वाले नहीं होते या वे आपकी तरह नहीं हैं. वे जो कर रहे हैं, उन्हें करने दो. अगर आपके पास कुछ अच्छा कहने को नहीं है तो चुप रहो. ऐसा क्यों कर रहे हो.


सिकंदर ने फिल्म इंडस्ट्री पर कहा,


यह निर्दयी इंडस्ट्री है. यहां शांति मिलना बहुत मुश्किल है. वह अकेले होगा. उसके पास कोई बात करने को नहीं होगा. आपको कुछ पता नहीं है. इसलिए चुप रहो. कुछ लोग अकेले होते हैं. मुझे पता है, मेरे पास कई बार कोई बात करने को नहीं होता. यह बहुत दुखद है. अच्छा कहने को नहीं है तो चुप रहो, यह आपके लिए अच्छा है. अच्छा होने की कोशिश करो.


उन्होंने आगे कहा,


इंसान वायरस है. आप समझे. कोरोना हमें नीचे ले जा रहा है तो इसकी वजह हम हैं. हमने इस धरती पर कब्जा कर लिया. हमने सब कुछ कब्जा लिया. हम स्वार्थी टुच्चे लोग हैं. इतने लालची मत बनो. सफलता आती है जाती है. लोगों के बारे में अच्छी बातें करो. उनका हौसला बढ़ाओ. कोई भी जो अपनी जान खुद लेता है, वह दिल तोड़ देता है. ऐसा नहीं कि मैंने किसी के लिए कभी कुछ नहीं कहा. लेकिन मैंने इससे सीखा है. लोग मेरे बारे में भी बहुत कुछ कहते हैं. इससे बहुत दुख होता है. जरा सोचो. वे कमजोर नहीं है. यह दुनिया ही उनके लिए बहुत क्रूर है.




View this post on Instagram

This is shattering .. I didn’t know him.. but I know what and where he must’ve gone through … this is to everyone that goes through this kind of pain or loneliness .. I’m sorry

A post shared by MyselfSikandarThisSide (@sikandarkher) on Jun 14, 2020 at 2:19am PDT


भावुक अनुपम खेर ने की प्यार बांटने की अपील


अनुपम खेर भी काफी भावुक नजर आए. सुशांत को याद करते हुए वे बमुश्किल अपने आंसू रोक पा रहे थे. उनकी आंखों से लगातार आंसू बह रहे थे. उन्होंने लोगों से प्यार बांटने और एक दूसरे का साथ देने की अपील की. उन्होंने कहा,


सुशांत सिंह राजपूत की खबर ने उनकी आत्मा को निचोड़ दिया है. उनकी आत्मा तक दहल गई है. उन्हें समझ नहीं आ रहा कि क्या बोले. मैंने एमएस धोनी: अनटोल्ड स्टोरी में सुशांत के पिता का रोल किया था. कहानी बाप-बेटे की थी तो उनका बॉन्ड भी बाप-बेटे जैसा हो गया था. लोगों का एकदूसरे की तकलीफ को समझना बहुत जरूरी है. एक दूसरे को जांचना बहुत जरूरी है.  सामने से पूछना जरूरी है कि वह क्या महसूस कर रहा है. जो जिस तकलीफ से जूझ रहा होता है, उसे वह खुद से बता नहीं सकता है. उसे हमें पहचानना है.


उन्होंने आगे कहा,


चाहे हम किसी इंडस्ट्री में हो. मैंने अकेलेपन को महसूस किया है. जब अकेले होते हैं तो सक्सेस कोई मायने नहीं रखती है. दर्द में जब आत्मा और दिल डूबा होता है तो सक्सेस, पॉपुलैरिटी कोई मायने नहीं रखती. मायने रखता है किसी की बात सुनना. किसी को समझना. सुशांत के घरवालों के बारे में सोच रहा हूं, उनका क्या होगा. मैं फिल्मी पिता होते हुए इतने दुख में हूं तो उनके वास्तविक पिता और घरवालों पर क्या बीत रही होगी.


Post a Comment

0 Comments