नई दिल्ली. पूरे देश में लॉकडाउन (Lockdown) चल रहा है, ऐसे में तमाम परीक्षाएं कैंसिल करनी पड़ी थीं, लेकिन धीरे-धीरे अब सारी परीक्षाओं की तारीखें घोषित की जा रही हैं. पिछले कुछ दिन पहले सीबीएसई (CBSE Board) ने भी परीक्षा की तारीख घोषित की थी. इसी बीच महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Govt.) ने सीबीएसई और सीआईएससीई बोर्ड (CBSE and CISCE Board) से राज्य में परीक्षाओं को टालने या कैंसिल करने की अपील की, लेकिन दोनों बोर्ड का कहना है कि राज्य में परीक्षा कैंसिल करना संभव नहीं है. सीबीएसई और आईसीएसई की बची हुई परीक्षाएं 1 जुलाई से 15 जुलाई के बीच करवाई जाएंगी.
4 जून को हुई थी मीटिंग
महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना वायरस के कारण 4 जून को सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की बची हुई परीक्षाओं को फिलहाल टालने या कैंसिल करने के लिए कहा था, लेकिन फिलहाल बोर्ड ने इसमें असमर्थता दिखाई है. इस मामले को लेकर 6 जून को सरकार और बोर्ड के बीच मीटिंग हुई थी, जिसमें इस पूरे मुद्दे पर चर्चा की गई. दोनों बोर्ड से इस मुद्दे को उठाते हुए महाराष्ट्र सरकार ने शनिवार को मीटिंग की थी. सरकार ने उन्हें परीक्षा को टालने को कहा था. इसके उत्तर में बोर्ड ने कहा कि परीक्षा कैंसिल करना ठीक नहीं होगा इसलिए सरकार को चाहिए कि वे इसके लिए कोई प्लान बनाएं ताकि परीक्षा को ठीक ढंग से करवाई जा सके.
विज्ञापन
हजारों छात्रों को देनी है परीक्षा
बोर्ड ने सीबीएसई, आईसीएसई और आईएससी बोर्ड में राज्य में रजिस्टर्ड छात्रों का डेटा शेयर किया. इसके मुताबिक सीबीएसई बोर्ड के 12वीं कक्षा के 12 हज़ार और आईसीएसई व आईएससी बोर्ड के करीब 23 हजार छात्र रजिस्टर्ड हैं. महाराष्ट्र में सीबीएसई के दसवीं बोर्ड की परीक्षाएं बाकी नहीं हैं.
1 से 15 जुलाई के बीच है परीक्षा
बता दें कि बची हुई परीक्षाएं 1 जुलाई से 15 जुलाई के बीच करवाई जाएंगी. राज्य सरकार अब इस डेटा का एनालिसिस करेगी और इसके लिए योजना बनाएगी. बोर्ड का मानना है कि परीक्षा को कैंसिल करना संभव नहीं है. जो छात्र परीक्षा नहीं दे पाएंगे उनके लिए कंपार्टमेंट का विकल्प भी मौजूद है.

0 Comments