दुनिया के पांचवें सबसे धनी शख्स बने मुकेश अंबानी, दौलत $75 अरब के पार



मुंबई: भारत के सबसे धनी शख्स मुकेश अंबानी अब दुनिया के पांचवें सबसे अमीर व्‍यक्ति बन चुके हैं. बीते कुछ सप्ताह में उनकी दौलत में तेजी से इजाफा हुआ है. दो ही हफ्तो में वह दुनिया के सबसे दौलतमंद लोगों की सूची में दो पायदान ऊपर चढ़ चुके हैं.

63 साल के मुंकेश अंबानी की नेटवर्थ $75.1 अरब तक पहुंच चुकी है, जो 12 जुलाई को $69.9 अरब थी. तब अंबानी, फोर्ब्स की रीयल टाइम बिलियनेयर इंडेक्स के आधार पर, वॉरेन बफे को पछाड़ कर दुनिया के सातवें सबसे धनी शख्स बने थे.


रातोंरात उनकी दौलत में $1.2 अरब का इजाफा हुआ है. इसकी सबसे बड़ी वजह रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के शेयरों में आई तेजी है. टेलीकॉम, पेट्रोकेम और रिटेल कारोबार में सक्रिय यह कंपनी देश की सबसे मूल्यवान कंपनी है.

बुधवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों ने 2,010 रुपये का स्तर हासिल किया, जबकि कंपनी की मार्केटकैप 12.70 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. मुकेश अंबानी ने एलन मस्क और लैरी पेज को भी पीछे छोड़ दिया है. उनसे आगे अब फेसबुक के मार्क जकरबर्ग ($88.9 अरब) हैं.

दुनिया के टॉप 10 धनकुबेरों में अंबानी इकलौते एशियाई हैं. इस सूची में आठ नाम अमेरिका से हैं, जबकि बर्नार्ड आर्नोल्ट और उनका परिवार फ्रांस से आते हैं. इस सूची में सबसे ऊपर जेफ बेजोस शामिल हैं. अमेजन के प्रमुख और संस्थापक के पास $185.1 अरब की दौलत है.

अप्रैल के बाद से ही रिलायंस इंडस्ट्रीज ने गूगल और फेसबुक जैसी ट़ॉप कंपनियों के जरिये 1.52 लाख करोड़ रुपये जुटाई है. इसके लिए कंपनी ने अपनी डिजिटल इकाई जियो प्लेटफॉर्म की 33 फीसदी हिस्सेदारी बेची है. मार्च के निचले स्तरों से रिलायंस के शेयर 100 से ऊपर निकल चुके हैं.

Post a Comment

0 Comments