प्रतापगढ़ - कुंडा उत्तरप्रदेश
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए शहर में लगाए गए प्रतिबंध का असर दुकानदारों पर तभी तक दिखता है जब तक पुलिस सक्रिय रहती है। फोर्स हटते ही दुकानदार फिर से शटर खोलकर सामान बेचने लगते हैं। प्रतिबंध के दूसरे दिन भी पूरे शहर की दुकानें खुली रहीं। सील किए गए इलाकों में भी खुली दुकानों पर भीड़ जमा रही।
शहर में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ने लगा तो प्रशासन ने बुधवार से रविवार तक पूरे नगर पालिका क्षेत्र को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया। इसके बाद भी शहर के दुकानदार अपने मनमाने रवैए पर कायम हैं। सुबह होते ही दुकानों के शटर खुल जाते हैं जिससे खरीदारों की भीड़ जमा हो जाती है। जैसे ही पुलिस पहुंचती है दुकानदार शटर गिराकर अंदर छिप जाता है। गुरुवार को भी कमोवेश यही नजारा पूरे शहर में दिखा। दोपहर में जब पुलिस सक्रिय हुई तो दुकानें बंद कर दी गईं।
जरूरी काम वाले हो रहे परेशान : बेवजह सड़कों पर बाइक लेकर घूमने वालों के फेर में वह लोग पुलिस के कोपभाजन हो रहे हैं जो जरूरी काम से बाहर निकल रहे हैं। चेकिंग के नाम पर पुलिस मरीज लेकर जा रहे लोगों को भी रोककर कागज व लाइसेंस चेक कर रही है।
चौक में जमा हो रहे सैकड़ों मजदूर : रोज की तरह चौक में गुरुवार को भी सैकड़ों मजदूर जमा रहे, जिन्हें रोकने व टोकने वाला कोई नहीं है। इन मजदूरों को संक्रमण से उतना भय नहीं है जितनी जरूरत रोजगार की है। खास बात यह कि सभी मजदूर एक जगह ही भीड़ लगाकर खड़े होते हैं।
खुली रही संक्रमित की दुकान : संक्रमण के दौर में भी लोग अपने फायदे के लिए पुलिस व प्रशासन से झूठ बोल रहे हैं। तीन दिन पहले चौक के एक मेडिकल स्टोर पर रहने वाले युवक में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद दुकान के पीछे उसका आवास सील कर दिया गया लेकिन मेडिकल स्टोर अभी खुल रहा है। उससे लोग संक्रमण फैलने का अंदेशा जाहिर कर रहे हैं।
0 Comments