दिल्ली, यूपी, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में और बढ़ेगा सर्दी का सितम, 5 दिन बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान : IMD




दिल्ली-एनसीआर में चल रही शीतलहर के साथ ही पूरे उत्तर भारत में कोहरे और ठंड का जारी है। मौसम विभाग ने आगे आने वाले दिनों में बारिश और ओलावृष्टि के कारण सर्दी का सितम और बढ़ने की उम्मीद जताई है।

भारत मौसम विभाग (IMD) के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने आर.के जैनामनी ने गुरुवार को बताया कि दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 2 से 6 जनवरी तक बूंदा-बांदी होगी। इसके साथ ही 4 से 5 जनवरी को दिल्ली, पश्चिमी यूपी, हरियाणा, पंजाब और पूर्वी राजस्थान में ओले भी गिर सकते हैं। जैनामनी ने बताया कि दिल्ली में 3, 4, 5 जनवरी को बारिश होगी। 4-5 जनवरी तक तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस तक चला जाएगा।

दिल्ली में आज सबसे ठंडा दिन, घने कोहरे से दृश्यता घटी

जानकारी के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी घटकर महज 50 मीटर रह गई और न्यूनतम तापमान भी 3.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो कि इस मौसम का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि लगातार तीसरे दिन शहर में शीतलहर चल रही है।

शहर के मौसम की सूचना देने वाली सफदरजंग वेधशाला में मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीवास्तव ने कहा कि 'ठंड की स्थिति बने रहने के आसार हैं क्योंकि अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है। लोधी रोड मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में 20 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि 18 दिसंबर को अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री रहा था। श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तरप्रदेश में 'घना कोहरा छाए रहने से कई जगहों पर दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई।

मैदानी भाग में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने पर शीतलहर और दो डिग्री से नीचे के तापमान की स्थिति में भीषण ठंड की घोषणा की जाती है। इस साल दिसंबर में औसत न्यूनतम तापमान (7.06 डिग्री सेल्सियस) पिछले साल के औसत न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री से कम है।

दिल्ली की वायु गुणवत्ता गुरुवार को 'खराब' श्रेणी में रही। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह दस बजे 331 दर्ज किया गया। बुधवार को पिछले 24 घंटे में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 290 रहा, जबकि मंगलवार को 265, सोमवार को 253 दर्ज किया गया था। 

Post a Comment

0 Comments