पटना में अब दानापुर में अब पूर्व वार्ड पार्षद के पति पर जानलेवा हमला; गोली मारकर फरार हो गए अपराधी




पटना सिटी के बेगमपुर स्थित मंडई पर देर रात युवक को गोली मारकर हत्या के बाद लगी भीड़।


हत्या की नियत से आए थे बाइक सवार दो अपराधी, जमीन विवाद में वारदात की आशंका


बुधवार की देर रात ही रानीतालाब और बाइपास थाना इलाके में एक-एक को मारी जा चुकी गोली


पटना में आपराधिक वारदातें थम नहीं रही हैं। फिर से एक बड़ी वारदात सामने आई है। अपराधियों ने एक पूर्व महिला वार्ड पार्षद के पति पर जानलेवा हमला किया है। उन्हें गोली मारी गई है। यह वारदात पटना के दानापुर थाना के तहत तारापुर इलाके की है। गोली लगने से घायल हुए व्यक्ति का नाम सुदामा ठाकुर है। ये जमीन की खरीद-बिक्री का कारोबार भी करते हैं।


बात गुरुवार के दोपहर बाद की है। ताराचक में एक जगह पर 55 साल के सुदामा ठाकुर कुछ लोगों के साथ जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर एक मीटिंग करने गए थे। मीटिंग के बाद जब वो निकले तो गली में पहले से एक बाइक पर सवार दो अपराधी घात लगाए इंतजार कर रहे थे। जैसे ही सुदामा ठाकुर उस रास्ते में पहुंचे, अपराधियों ने उनके ऊपर फायरिंग कर दी। इसमें एक गोली उनके दाहिने हाथ में बांह पर जा लगी। गोली की आवाज सुनकर जब लोग वहां पहुंचने लगे तो अपराधी बाइक स्टार्ट कर फरार हो गए। इसके बाद घायल सुदामा को इलाज के लिए पास के अस्पताल में ले जाया गया। वारदात के बाद से दानापुर में सनसनी मची हुई है।


दानापुर थाना की पुलिस वारदात की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची। थानेदार के अनुसार छानबीन में अभी कुछ खास हाथ नहीं लगा है। पुलिस को घायल हुए पूर्व वार्ड पार्षद के पति के बयान का इंतजार है। हालांकि पुलिस को इस वारदात के पीछे जमीन से जुड़े विवाद होने का शक है। फिलहाल मामले की जांच के साथ ही अपराधियों की पहचान में टीम जुटी हुई है। वारदात स्थल के आसपास पुलिस को कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं मिला है।


पिछले 24 घंटे के अंदर राजधानी और इसके आसपास के इलाके में यह तीसरी बड़ी वारदात है। बुधवार की देर रात को पटना जिले के ही रानीतालाब और बाइपास थाना इलाके में एक-एक लोगों को गोली मारी जा चुकी है।


घर से 200 मीटर दूर 17 साल के युवक को मारी 3 गोलियां


इससे पहले बुधवार की देर रात पटना के बाइपास थाना इलाके में अपराधियों ने 17 साल के एक युवक अंकित कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। वह भी उसके घर से महज 200 मीटर की दूरी पर। गोली मारने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर वारदात स्थल पर आसपास के लोग पहुंचे। उस वक्त उसकी सांस चल रही थी। गंभीर हालत में उसे पीएमसीएच ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही उसकी मौत हो गई।


अंकित बाइपास थाना के तहत मंडई में सब्जी और फल की दुकान चलाता था। देर रात को वो अपने घर जा रहा था, लेकिन 200 मीटर पहले ही अपराधियों ने उसे घेर लिया और लगातार तीन गोली मार दी। लाडले की हत्या से पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। थानेदार मुकेश पासवान के अनुसार गुरुवार की सुबह होने तक हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि दो लोगों का नाम सामने जरूर आ रहा है।


बाइपास थाना की इस वारदात से चंद घंटे पहले पटना जिले के ही रानीतालाब थाना इलाके में अपराधियों ने पूर्व पैक्स अध्यक्ष के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

Post a Comment

0 Comments