लालू यादव को जमानत दिलाने अब चिराग की LJP ने उठाई आवाज, कहा- मानवाधिकार आयोग ले संज्ञान





पटना. राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (RJD Chief Lalu Prasad Yadav) का इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार, उनकी किडनी महज 25 प्रतिशत ही काम कर रही है. 75 प्रतिशत किडनी ने काम करना बंद कर दिया है, जिससे उनकी सेहत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है. इस खबर के सामने आने के बाद उन्हें मानवता के आधार पर रिहा करने की मांग उठ रही है. खास तौर पर चिराग पासवान (Chirag Paswan) की लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) ने न्यायोचित प्रक्रिया के तहत बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Ex CM of Bihar Lalu Prasad Yadav) की बिगड़ती सेहत पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (Human Rights Comission) से संज्ञान लेने की मांग की है.

लोजपा ने मानवता के आधार पर लालू प्रसाद की बेहतर चिकित्सा व्यवस्था मुहैया कराने और कोर्ट से जमानत दिलाने हेतु न्यायिक प्रक्रिया के अंदर निर्देश देने की भी मांग आयोग से की है. एलजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी कृष्णा सिंह कल्लू ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि लाल प्रसाद यादव के हेल्थ कंडीशन को देखते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को खुद संज्ञान लेना चाहिए और न्यायोचित प्रक्रिया के तहत आवश्यक निर्देश सरकार को देना चाहिए.

लोजपा प्रवक्ता ने कहा कि दलगत भावना से ऊपर होकर एवं मानवीय भावों के आधार पर लालू प्रसाद के स्वास्थ्य को लेकर सरकार को भी उचित कदम उठाना चाहिए. बता दें कि रांची स्थित रिम्‍स अस्‍पताल के पेइंग वार्ड में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव का इलाज चल रहा है. उनका शुगर लेवल भी बढ़ गया है.


गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव का इलाज कर रहे डॉ उमेश प्रसाद ने कहा था कि लालू यादव की किडनी 25 प्रतिशत ही काम कर रही है. उनकी किडनी की स्थिति फोर्थ स्‍टेज में पहुंच चुकी है. उनकी हालत में सुधार नहीं है और उनकी डायलिसिस करने की कभी भी जरूरत पड़ सकती है.

बीते 11 दिसंबर को चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद की जमानत पर छह सप्ताह के लिए सुनवाई टलने के बाद उनके जेल से बाहर आने की कवायद भी अब छह हफ्ते बाद ही हो पाएगी. ऐसे में मानवाधिकारा के आधार पर लोजपा द्वारा लालू प्रसाद यादव की रिहाई की मांग सियासी हलकों से भी उठनी शुरू हो गई है.

Post a Comment

0 Comments