तेल से नहाने की दुनियाभर में बढ़ रही दीवानगी, दस मिनट में हो जाता है ये चमत्कार





हर किसी का नहाने का अंदाज अलग-अलग होता है। किसी को पानी से तो किसी को दूध से नहाने में आनंद आता है, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि दुनिया में एक ऐसा देश भी है, जहां लोग कच्चे तेल से भरे बाथटब में नहाते हैं। यहां सिर्फ तेल से नहाने के लिए दुनियाभर से लोग आते हैं। इसकी वजह जानकर आप हैरान हो जाएंगे।



ईरान के पास स्थित देश अजरबेजान के नाफतलान शहर में एक ऐसा हेल्थ सेंटर है जहां लोग कच्चे तेल से भरे बाथटब में नहाते हैं। माना जाता है कि यहां नहाने से 70 से अधिक बीमारियां दूर हो जाती हैं। विशेषज्ञों का दावा है कि क्रूड ऑयल न्यूरोलॉजिकल और स्किन संबंधी परेशानियों के लिए लाभदायक होता है।



नाफतलान शहर के इस हेल्थ सेंटर में स्किन की बीमारियों के अलावा लोग गठिया और नस संबंधी रोग भी दूर करने के लिए आते हैं। यहां उपचार के लिए क्रूड ऑयल का अलग-अलग तरीके से इस्तेमाल होता है। इसमें सबसे लोकप्रिय तरीका है बाथटब में नहाना। इसके लिए एक मरीज करीब 40 डिग्री तापमान पर 130 लीटर तेल में नहाते हैं।

कई लोगों का मानना है कि यहां गर्म तेल से नहाने से उनकी हड्डियों के जुड़ाव में काफी आराम महसूस हुआ। हालांकि तेल से भरे बाथटब में नहाने की एक समयसीमा है। उससे ज्यादा देर तक लोगों को बाथटब में बैठने नहीं दिया जाता क्योंकि उसमें मौजूद अलग-अलग केमिकल की वजह से अधिक देर नहाने से शरीर पर बुरा असर पड़ सकता है। यहां तक कि इसका नतीजा मौत भी हो सकती है।

हेल्थ सेंटर के डॉक्टरों का कहना है कि पिछले कुछ सालों में यहां हजारों लोग अपना इलाज करवा चुके हैं और उन्हें अपने रोग में काफी आराम भी मिला है। डॉक्टरों का कहना है कि एक मरीज को एक दिन में सिर्फ एक बार ही नहाने की इजाजत दी जाती है और वह भी महज 10 मिनट के लिए। यहां पर इलाज का कोर्स 10 दिन का होता है।


Post a Comment

0 Comments