
पटना: कोरोना संक्रमण (Coronavirus) के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं. इस वजह से देश में लॉकडाउन (Lockdown) तीन मई तक बढ़ा दिया गया है. यहां तक कि ट्रेन से लेकर फ्लाइट तक नहीं चल रहे हैं और सरकार बार-बार लोगों से अपील कर रही है कि जो जहां हैं वहीं रहें और घरों में ही सुरक्षित करें.
लेकिन इस बीच पटना के पास बिक्रम में एक हैरान कर देने वाली खबर आई है. दरअसल, लॉकडाउन बढ़ा दिए जाने के कारण पत्नी मायके से पति के पास नहीं आ पाई तो पति ने दूसरी शादी कर ली. बिक्रम के दुल्हिनबाजार थाना के भरतपुरा गांव के रहने वाले धीरज कुमार ने अपनी पहली पत्नी और दस साल के बेटे को छोड़ बिना बताए दूसरी शादी कर रहा था. धीरज कुमार पेशे से मैकेनिक है और सऊदी अरब में रहता है.
लेकिन, पहली पत्नी को इसकी भनक पहले ही लग गई थी और वो और भी लोगों को लेकर शादीस्थल पर पहुंच गई. जहां, दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई. इसी दौरान वो अपनी दूसरी पत्नी को लेकर घर भी पहुंच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुल्हा-दुल्हन को थाने लेकर आ गई.
वहीं, पहली पत्नी ने कहा ने सऊदी अरब से लौटने के बाद से ही उसका मन बदला हुआ था और प्रताड़ित करता था. इसलिए वो ज्यादा समय मायके में ही रहती थी. वहीं, दूसरी पत्नी ने पुलिस को बताया कि लड़के ने पहली शादी और बच्चे की बात उससे और परिजनों से छिपाई. ससुराल आने के बाद उसे पता चला कि वो शादीशुदा है और एक बच्चा भी है. वहीं, पति ने कहा कि पत्नी को बार-बार बुलाने के बाद भी मायके में रहती थी. ससुराल से गायब रहती थी.
इस मामले पर थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि आरोपी युवक और उसकी दूसरी पत्नी के साथ पूछताछ के लिए थाना लाया गया है. मामले की जांच जारी है और लड़के को हिरासत में लिया गया है.
0 Comments