नई दिल्ली. पाकिस्तान (Pakistan) के खिलाड़ी अपने बड़बोलेपन की वजह से अकसर ट्रोल होते रहते हैं. शाहिद अफरीदी हों, शोएब अख्तर या दूसरे पाकिस्तानी क्रिकेटर वो अकसर ऐसी बातें कहते रहते हैं कि विवाद हो जाता है. कुछ ऐसा ही पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाजों में से एक जावेद मियांदाद ने भी किया था. मियांदाद ने भारत के खिलाफ ऐसा बयान दे दिया था कि उनका सोशल मीडिया पर खूब मजाक उड़ा था.
मियांदाद ने की भारत पर परमाणु हमले की वकालत
बात साल 2019 की है, जब मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 हटा दिया. इसके बाद जैसे पाकिस्तान को मिर्च सी लग गई. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद (Javed Miandad) भी इससे बेहद खफा दिखे और उन्होंने हिंदुस्तान पर हमला करने की वकालत कर डाली. यही नहीं उन्होंने पाकिस्तानी चैनल से बातचीत करते हुए भारत को डरपोक देश बताया.
जावेद मियांदाद ने कहा-पाकिस्तान के पास परमाणु बम
जावेद मियांदाद (Javed Miandad) से एक इंटरव्यू में कश्मीर मुद्दे पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर आपके पास लाइसेंसी हथियार है, तो आपको हमला करना चाहिए. उन्होंने कहा, 'ये हर जगह नियम है कि आप अपने बचाव में मार सकते हैं. जब उनकी लाशें घरों में जाएंगी तभी उनको एहसास होगा.' जावेद मियांदाद से पूछा गया कि वो भारत के पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को क्या पैगाम देंगे तो उन्होंने कहा, 'मैं पहले भी कह चुका हूं भारत एक डरपोक देश है. अभी तक इन्होंने किया क्या है? परमाणु बम हमने ऐसे ही नहीं रखा है, हमने चलाने के लिए रखा हुआ है. हमें मौका चाहिए और हम साफ कर देंगे.' जावेद मियांदाद ने अपने क्रिकेट करियर में जिस तरह की सफलताएं हासिल की हैं, वो काबिलेतारीफ रही हैं. लेकिन इस तरह के बयान देकर उन्होंने अपना मजाक ही उड़वाया है.

0 Comments