रतलाम. मध्य प्रदेश के रतलाम (Ratlam) के जावरा में दिनदहाड़े एक युवती की गला रेतकर हत्या (Murder) कर दी गई. युवती की आज शादी (Marriage) होने वाली थी. और वह ब्यूटी पार्लर में मेकअप करवाने पहुंची थी. इसी दौरान एक युवक ने ब्यूटी पार्लर में घुसकर चाकू से युवती का गला रेत दिया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. युवती को लहूलुहान देख आसपास के लोगों के होश उड़ गए. तत्काल उसे जावरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने इस मामले में एकतरफा प्रेम की आशंका जताई है.
शाजापुर के नाग नागिन रोड इलाके की रहने वाली 32 वर्षीय सोनू, पिता कमल सिंह यादव की आज नागदा के गौरव के साथ विवाह होना था. कोठारी रिसोर्ट में यह शादी होनी थी. शादी के लिए तैयार होने के लिए सोनू अपने परिवार के साथ शाजापुर से जावरा आई हुई थी. जब वह मेकअप के लिए जावरा के आंटिया चौराहे स्थित ब्यूटी पार्लर पहुंची, उसी वक्त आरोपी ने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी.
पहले फोन पर की बात, फिर कर दी हत्या
मौके पर मौजूद बहन ने बताया कि दुल्हन का मेकअप चल रहा था. उस दौरान उसके मोबाइल पर एक फ़ोन आया. फोन करने वाले ने अपना नाम राहुल बताया और दुल्हन से बात करवाने के लिए कहा. फोन पर बात करने के बाद वह युवक पार्लर के अंदर आया और तैयार हो रही दुल्हन की चाकू से गला रेतकर फरार हो गया.
जावरा पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर मामले की जांच में जुटी है. वहीं दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई.

0 Comments